लॉजिस्टिक्स सॉल्यूशन प्रोवाइडर स्काईवेज एयर सर्विसेज के शेयरहोल्डर्स के लिए 18 सितंबर का दिन बेहद शानदार रहा। दिन में शेयर की कीमत पिछले बंद भाव से लगभग 14.6 प्रतिशत तक उछलकर 135.20 के हाई तक गई। बाद में शेयर लगभग 5.7 प्रतिशत बढ़त के साथ 124.70 रुपये पर सेटल हुआ। कंपनी ने एक दिन पहले तिमाही नतीजे जारी किए थे। साथ ही डिविडेंड की घोषणा की थी। अप्रैल-जून 2026 तिमाही में कंपनी का शुद्ध कंसोलिडेटेड मुनाफा सालाना आधार पर लगभग 190 प्रतिशत बढ़कर 19.7 करोड़ रुपये हो गया। एक साल पहले मुनाफा 6.78 करोड़ रुपये था। ऑपरेशंस से कंसोलिडेटेड रेवेन्यू 93 प्रतिशत बढ़कर 1,216.6 करोड़ रुपये रहा। जून 2025 तिमाही में रेवेन्यू 630 करोड़ रुपये था।
स्काईवेज एयर सर्विसेज 1 सितंबर 2026 को शेयर बाजार में लिस्ट हुई थी। इसका IPO 582.80 करोड़ रुपये का था। कंपनी एक जानी-मानी लॉजिस्टिक्स और फ्रेट फॉरवर्डिंग कंपनी है। एक फ्रेट फॉरवर्डिंग कंपनी लॉजिस्टिक्स मैनेजर की तरह काम करती है। ऐसी कंपनी आमतौर पर खुद माल को एक जगह से दूसरी जगह नहीं ले जाती, बल्कि ग्राहक की ओर से माल ढोने की जगह (शिपमेंट स्पेस) बुक करती है, सीमा शुल्क की प्रक्रिया संभालती है और अलग-अलग परिवहन कंपनियों के जरिए माल को हवाई, समुद्री, सड़क या रेल मार्ग से पहुंचाने की व्यवस्था करती है।
Source: Hindi Moneycontrol